Dhamtari News: स्काउटिंग प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास, भारती वर्मा की सीड बॉल पहल को मिली राज्य स्तर पर सराहना

Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। धमतरी जिले के भखारा स्थित अंबेडकर मांगलिक भवन में आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय बेसिक स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं रोवर-रेंजर लीडर प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 99 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। शिविर का आयोजन राज्य अध्यक्ष एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा के निर्देशन तथा राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) पूनम सिंह साहू और राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया।

इस प्रशिक्षण शिविर में शासकीय प्राथमिक शाला पौंसरी की शिक्षिका भारती वर्मा ने लेडी स्काउट मास्टर के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने स्काउट नियम-प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडा गीत, राष्ट्रीय गान, स्काउट-गाइड चिन्ह, सेल्यूट, गांठें, ध्वज ज्ञान, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित पहुंचाने की तकनीक तथा हाइक जैसी गतिविधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण लिया। भारती वर्मा ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और विद्यालय में स्काउटिंग गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने की नई प्रेरणा मिली है।

समापन समारोह की पूर्व संध्या पर आयोजित ग्रैंड कैम्प फायर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा रहे। इस अवसर पर लेडी स्काउट मास्टर भारती वर्मा ने उन्हें अपने विद्यालय में बच्चों के साथ तैयार किए गए सीड बॉल भेंट किए। साथ ही उन्होंने विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता अभियान की जानकारी भी साझा की। उनकी इस पहल की मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों ने सराहना की और सीड बॉल अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि भारती वर्मा अपने विद्यालय के बच्चों के साथ मिलकर तैयार किए गए सीड बॉल का स्थानीय स्तर पर वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही हैं। इससे पहले भी वह जिले के कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को जनदर्शन के दौरान सीड बॉल भेंट कर चुकी हैं, जिसकी अधिकारियों ने भी प्रशंसा की थी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *