Kawardha News : अमेरा छात्रावास में छात्रा की मौत पर सवाल, परिजनों बोले- समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान

Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। जिले के अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास में कक्षा 7वीं की छात्रा की मौत के बाद कथित लापरवाही का मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर समय पर इलाज उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है। वहीं, आदिम जाति कल्याण विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रावास अधीक्षिका को पद से हटा दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास में रहने वाली छात्रा बबिता पन्द्राम की 27 जुलाई की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि उस समय छात्रावास अधीक्षिका मौजूद नहीं थीं और छात्रा को तत्काल चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें अगले दिन सुबह दी गई।

सूचना मिलने पर परिजन छात्रावास पहुंचे और छात्रा को अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें छात्रावास परिसर में प्रवेश करने से रोका गया। उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिलता तो छात्रा की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने जिले के अन्य छात्रावासों में भी अधीक्षकों की नियमित अनुपस्थिति का आरोप लगाया है।

मामले में आदिम जाति कल्याण विभाग ने संबंधित अधीक्षिका को पद से हटा दिया है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रारंभिक प्रशासनिक कार्रवाई है और आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *