Chhattisgarh Pendra News: पेंड्रा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत (माई भारत)’ के तत्वावधान में पेंड्रा हाई स्कूल के असेंबली हॉल में “युवा फॉर विकसित भारत–नशा मुक्त यात्रा” विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकेश कुमार रावटे, एम.एल. सोनी, जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा और राजेश नंदिनी आर्मो सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ मुकेश कुमार रावटे ने युवाओं को नशामुक्त रहने और समाज को नशे जैसी बुराई से मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा ही ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं जिला पंचायत सदस्य राजेश नंदिनी आर्मो ने युवाओं से शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा से जुड़ने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने भी युवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, लोकगीत, नृत्य, नारा लेखन, वाद-विवाद, भाषण, लघु फिल्म और स्लैम पोयट्री सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
राज्य स्तर के लिए चयनित प्रतिभागी
- नुक्कड़ नाटक: वीरांगना रानी दुर्गावती महाविद्यालय, मरवाही की टीम
- चित्रकला: अदिति सिंह
- लोकगीत: कुमारी गायत्री, कुमारी कात्यानी श्याम एवं साथी
- नारा लेखन: लक्ष्मी
- नृत्य: प्रीति एवं टीम
- वाद-विवाद/भाषण: श्रेयांश पांडे एवं मानस अग्रवाल
- लघु फिल्म: शौर्य जायसवाल
- स्लैम पोयट्री: कुमारी काम्या
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे माई भारत, बिलासपुर संभाग के वरिष्ठ अकाउंटेंट एम.एल. सोनी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। “युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति – नशा मुक्त यात्रा, युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने अपनी कला, रचनात्मकता और प्रतिभा के माध्यम से नशामुक्त समाज का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
