Balrampur News : इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी मासूम की हालत, घर पहुंचने से पहले मौत, झोलाछाप डॉक्टर पर सवाल

Chhattisgarh Balrampur News : बलरामपुर। झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद तीन साल के मासूम अभीस चेरवा की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला ग्राम जमुआटांड़ का बताया जा रहा है।

मृतक के पिता रमेश चेरवा के मुताबिक, उनके बेटे को बुखार था। इसके बाद वे उसे सरनाडीह में इलाज के लिए भूलेश्वर सिंह के पास लेकर गए थे। आरोप है कि मौसमी बुखार के इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले तीन महीने के भीतर झोलाछाप डॉक्टरों के इलाज से यह चौथी मौत बताई जा रही है। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर बिना पर्याप्त योग्यता या वैध अनुमति के इलाज करने वालों पर कब प्रभावी कार्रवाई होगी।

कोतवाली प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि बुखार आने के बाद परिजन बच्चे को सरनाडीह स्थित भूलेश्वर सिंह के पास लेकर गए थे। इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में ऐसे लोगों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई जरूरी है, ताकि बिना उचित चिकित्सकीय व्यवस्था के इलाज के कारण किसी और मासूम की जान खतरे में न पड़े।

गौरतलब है कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बिलासपुर दौरे के दौरान झोलाछाप डॉक्टरों को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में कोई भी झोलाछाप डॉक्टर नहीं है और बिना लाइसेंस या नियम-कानून के विपरीत काम करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब बलरामपुर में मासूम की मौत के मामले ने इस दावे के बीच जमीनी स्तर पर निगरानी और कार्रवाई को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *