Arang News: चंदखुरी से आरंग तक 71 KM की कांवड़ यात्रा, सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश

Chhattisgarh Arang News: आरंग। माता कौशल्या की पुण्यधरा चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक आयोजित तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हजारों कांवड़ियों की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री एवं यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में हुआ। 71 किलोमीटर की यह यात्रा गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक एकता, समरसता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दे रही है।

यात्रा के दौरान ‘बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान’ का जयघोष गूंजता रहा। बारिश और कठिन रास्ते भी कांवड़ियों के उत्साह को कम नहीं कर सके। न कदम थमे और न यात्रा रुकी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का जनअभियान है। इसका उद्देश्य समाज में व्याप्त भेदभाव और दूरियों को खत्म कर प्रत्येक व्यक्ति में प्रेम, अपनत्व और समानता की भावना को मजबूत करना है।

यात्रा के दौरान गांव-गांव में सर्वसमाज के पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामीणों ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। मिल रहे जनसमर्थन से यात्रा के सामाजिक संदेश को व्यापक स्वीकृति मिलने की बात सामने आई।

यात्रा के प्रथम दिवस चंदखुरी से रवाना होकर चंदखुरी फार्म, नगपुरा, मौली माता चौक, सकरी, अमेरी, टेकारी और डीघारी मोड़ होते हुए ग्राम नारा पहुंची, जहां रात्रि विश्राम हुआ। ग्राम नारा में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया। इस दौरान दुर्गा साहू की पंडवानी प्रस्तुति ने माहौल को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग से भर दिया।

कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला प्रभारी रायपुर ग्रामीण सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, संयोजक गोबिंद साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सर्वसमाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *