Korba News : खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खेल-खेल में कुएं में गिरने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती के दादर बस्ती की है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक अभियांस पटेल घर पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से लगी बाड़ी के कुएं के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। काफी देर तक जब मासूम घर पर नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसके कुएं में गिरने की जानकारी सामने आई।

परिजनों ने तत्काल मासूम को कुएं से बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अभियांस को मृत घोषित कर दिया।

अभियांस दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। उसके पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बाड़ी का कुआं पानी से लबालब भरा हुआ था। हादसे ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *