Kawardha News: अमरकंटक में उमड़ा आस्था का सैलाब, डिप्टी CM विजय शर्मा ने कांवड़ियों से की मुलाकात

Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अपने पेंड्रा प्रवास के दौरान सावन के अंतिम सोमवार को धार्मिक नगरी अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने पवित्र नर्मदा मंदिर और प्रसिद्ध ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर दर्शन के बाद उप मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कवर्धा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कांवड़ियों का हाल-चाल जाना और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उनके साथ कवर्धा के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर और पेंड्रा जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा भी मौजूद रहीं।

सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित अमरकंटक और ज्वालेश्वर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना के लिए पहुंचे। पूरे क्षेत्र में ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।

कांवड़ियों ने अमरकंटक स्थित नर्मदा उद्गम से पवित्र जल भरा और मां नर्मदा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने स्वयंभू शिवलिंग पर नर्मदा जल, बेलपत्र, दूध और दही से जलाभिषेक कर भगवान शिव से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। अमरकंटक स्थित नर्मदा उद्गम और छत्तीसगढ़ के ज्वालेश्वर महादेव मंदिर का धार्मिक महत्व होने के कारण सावन के अंतिम सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए पहुंचते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *