Korba News: बांगो बांध में बढ़ी पानी की आवक, रेडियल गेट खोलकर हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा पानी

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर मंगलवार सुबह 8 बजे 358.52 मीटर दर्ज किया गया, जो बांध की कुल क्षमता का 93.18 प्रतिशत है। लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए बांध के रेडियल गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में बांध से कुल 20,613 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम 4:30 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक बांध में 41,087 क्यूसेक पानी की आवक हुई। बढ़ती जल आवक को देखते हुए मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा एवं अनुमति के बाद बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने के लिए रेडियल गेट खोले गए।

वर्तमान में गेट नंबर 4 को 0.20 मीटर, गेट नंबर 5 को 0.40 मीटर, गेट नंबर 6 को 0.80 मीटर, गेट नंबर 7 को 0.40 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.20 मीटर खोला गया है। इन सभी गेटों की कुल ओपनिंग 2 मीटर है।

रेडियल गेटों के जरिए 11,613 क्यूसेक और पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से कुल 20,613 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में डिस्चार्ज किया जा रहा है।

बांध प्रबंधन द्वारा पानी की आवक और जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर और पानी की आवक की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार जल निकासी को नियंत्रित किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *