Durg News: जैन भवन के संचालन पर विवाद, दिगंबर जैन समाज ने सांसद विजय बघेल को सौंपा पत्र

Chhattisgarh Durg News: भिलाई। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायत महासभा, सेक्टर-6 भिलाई की ओर से जैन भवन के संचालन को लेकर सांसद दुर्ग लोकसभा क्षेत्र विजय बघेल को पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की मांग की गई है। महासभा ने जैन भवन के संचालन को लेकर कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए समाज के अधिकार और सामाजिक एकता की रक्षा की मांग रखी है।

महासभा ने पत्र में आरोप लगाया है कि सेक्टर-6 स्थित जैन भवन का संचालन कुछ लोगों द्वारा निजी जागीर की तरह किया जा रहा है। समाज के अनुसार कथित ‘जैन ट्रस्ट’ का पंजीकरण विधिवत रूप से नहीं हुआ है, इसके बावजूद ट्रस्टीशिप के नाम पर आर्थिक लेन-देन किए जा रहे हैं। महासभा का कहना है कि जैन भवन पर पूरे दिगंबर जैन समाज का अधिकार है।

पत्र में बताया गया कि समाज के 428 सदस्यों ने पूर्व में भी संबंधित लोगों से सामाजिक और लिखित रूप से आग्रह कर समाज की पवित्र भावना एवं परंपराओं के अनुरूप व्यवस्था संचालित करने की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

महासभा ने कहा कि न्याय के लिए प्रशासन और पुलिस के समक्ष जाने की स्थिति उत्पन्न होना समाज के लिए पीड़ादायक है। इससे समाज में रोष, असुरक्षा और मानसिक तनाव का वातावरण निर्मित हो रहा है।

महासभा ने सांसद विजय बघेल से मांग की है कि वे मामले में हस्तक्षेप करते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस से आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल करें। साथ ही कथित अवैध एवं अलोकतांत्रिक पंजीकरण प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए 428 दिगंबर जैन परिवारों के सम्मान, अधिकार और सामाजिक एकता की रक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

मामले को लेकर सांसद विजय बघेल ने फर्म एवं सोसायटी से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का सार्थक और शांतिपूर्ण समाधान निकालने की दिशा में पहल करने को कहा। सांसद ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी चर्चा के माध्यम से विवाद का समाधान कराने पर जोर दिया।

महासभा ने विश्वास जताया कि सांसद विजय बघेल के हस्तक्षेप से जैन भवन के संचालन को लेकर चल रहे विवाद का शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाधान निकलेगा तथा समाज में आपसी सद्भाव और एकता बनी रहेगी।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *