PM Modi Uzbekistan Visit: उज्बेकिस्तान के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, SCO शिखर सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ भारत का रखेंगे पक्ष

PM Modi Uzbekistan Visit: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान के लिए रवाना हो गए। अपने तीन देशों के विदेश दौरे के तहत प्रधानमंत्री पहले 29 से 30 अगस्त तक ताशकंद में रहेंगे। इसके बाद वह किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे, जहां 30 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाले 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह एससीओ के लिए भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने और सदस्य देशों के साथ मिलकर ऐसा क्षेत्र बनाने के लिए काम करने को उत्सुक हैं, जो आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के खतरे से मुक्त हो।

भारत की रणनीतिक साझेदारी होगी और मजबूत

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह यात्रा मध्य एशिया के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ इस क्षेत्र के साथ भारत के सभ्यतागत संबंधों को और गहरा करने में मदद करेगी। मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, संपर्क और अवसर भारत के लिए महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं हैं।

ताशकंद में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव से होगी मुलाकात

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री 29 और 30 अगस्त को ताशकंद में रहेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री के अनुसार भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी में हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बातचीत में व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा तथा ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मोदी ने कहा कि दोनों देश ‘विकसित भारत’ और ‘नए उज्बेकिस्तान’ के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए भी सहयोग बढ़ाएंगे।

शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र जाएंगे मोदी

ताशकंद यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरियंटल स्टडी में स्थित महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये दोनों स्थान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत सांस्कृतिक तथा लोगों के बीच संबंधों के प्रतीक हैं।

बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

ताशकंद के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर वह 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब शंघाई सहयोग संगठन अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन को संबोधित करेंगे और सुरक्षा, संपर्क तथा क्षेत्रीय अवसरों से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे।

SCO नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी संभव

शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी एससीओ के सदस्य देशों के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में आपसी सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रधानमंत्री छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की समृद्ध और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है।

भारत के लिए क्यों अहम है दौरा?

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और मध्य एशियाई देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। SCO मंच पर भारत आतंकवाद और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करेगा, वहीं उज्बेकिस्तान के साथ व्यापार, निवेश, ऊर्जा और रक्षा सहयोग को बढ़ाने पर जोर रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *