Baradwar News: स्कूल परिसर में शराब का सेवन करते पकड़े गए दो युवक, पुलिस ने शराब और गिलास किए बरामद

Chhattisgarh Baradwar News: बाराद्वार। विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों को नशामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से बाराद्वार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने वार्ड क्रमांक 01 स्थित शासकीय बालक स्कूल परिसर में शराब का सेवन कर रहे दो युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को थाना बाराद्वार पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 01 के शासकीय बालक स्कूल परिसर में कुछ व्यक्ति शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।

मौके पर मनीष कुमार साहू पिता पुरुषोत्तम साहू और अभिषेक कुमार राठौर पिता मिंटू लाल राठौर, दोनों निवासी रेडा, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती को शराब का सेवन करते हुए पाया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 100 से 120 मिली देशी शराब के साथ शराब की बोतल, गिलास एवं अन्य सामग्री बरामद की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। बाराद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय, सार्वजनिक स्थान और अन्य संवेदनशील परिसरों में शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस के मुताबिक, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखना है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, आरक्षक योगेश राठौर, आरक्षक तकेश्वर कटकवार एवं सैनिक राजेश कंवर का सराहनीय योगदान रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *