Dhamtari News: भारी बारिश से बांधों में बढ़ा जलस्तर, माडमसिल्ली के गेट ऑटोमैटिक खुले; गंगरेल पर भी नजर

Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। जिले में बीते 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश का असर बांधों में नजर आने लगा है। माडमसिल्ली बांध में 98 प्रतिशत जलभराव के बाद सायफन सिस्टम के तहत उसके गेट अपने आप खुल गए हैं। वहीं दूसरी ओर रविशंकर सागर जलाशय परियोजना यानी गंगरेल बांध में भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और 90.72 प्रतिशत जलभराव के बाद जल्द ही गेट खोले जाने की तैयारी है।

माडमसिल्ली बांध में 98 प्रतिशत जलभराव के बाद एयर प्रेशर से गेट ऑटोमैटिक खुल गए। अंग्रेजों के समय बनाए गए इस सायफन सिस्टम में जलभराव एक निश्चित स्तर तक पहुंचने के बाद पानी के दबाव से गेट अपने आप खुल जाते हैं। गेट खुलने के बाद बांध से बड़ी मात्रा में पानी का बहाव हो रहा है।

वहीं प्रदेश के बड़े बांधों में शामिल रविशंकर सागर जलाशय परियोजना यानी गंगरेल बांध में भी पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। बांध में 3548 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई है। फिलहाल बांध में 90.72 प्रतिशत जलभराव हो चुका है और जलस्तर को देखते हुए जल्द ही गेट खोले जाने की संभावना है।

लगातार हो रही बारिश से धमतरी जिला पूरी तरह तरबतर हो गया है। जिले में बारिश का निर्धारित कोटा भी लगभग पूर्णता की ओर है। बांधों में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन द्वारा आसपास के गांवों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके।

बांधों में पानी की बढ़ती आवक के बीच प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। गंगरेल बांध के गेट खोले जाने की स्थिति में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *