Dhamtari News: रेत ट्रैक्टर की चपेट में आकर 4 साल के बच्चे की मौत, चालक की ग्रामीणों ने की पिटाई

Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। जिले के नारी गांव में रक्षाबंधन के दिन रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 4 साल के मासूम फनीस सोनी की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने चालक की पिटाई भी की। वहीं, अब मासूम के पिता ने गांव के सरपंच समेत जिम्मेदार लोगों पर अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह पूरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र के नारी गांव के कोकड़ी मोड़ का है। 28 अगस्त को कोकड़ी खदान की ओर से रेत लेकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 4 वर्षीय फनीस सोनी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

मासूम की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर में आग लगा दी और चालक की पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

मासूम के पिता ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय गांव के सियान से लेकर सरपंच तक के जिम्मेदार लोग मौके से दूर हो गए। उनका कहना है कि सरपंच पति भी मौके से चला गया और बाद में सरपंच के आने पर उन्होंने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही।

मासूम के पिता ने कोकड़ी खदान में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बिना वैध अनुमति के लंबे समय से रेत का कारोबार किया जा रहा था। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि इस कथित अवैध कारोबार में गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत है और कमीशन के लेन-देन के कारण मामले पर चुप्पी साधी जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि फनीस परिवार का इकलौता बेटा था और करीब तीन साल की मन्नतों के बाद उसका जन्म हुआ था। बेटे की मौत के बाद उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद एंबुलेंस पहुंची और अस्पताल ले जाते समय चालक ने वाहन तेज गति से चलाया, जिससे मरीज की हालत और बिगड़ गई।

मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस हादसे, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई और ग्रामीणों द्वारा वाहन में आग लगाने की घटना समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। अवैध रेत खनन और कमीशनखोरी से जुड़े आरोपों की वास्तविकता भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *