Korba News: 12 अगस्त को शादी के लिए चर्च में दिया आवेदन, विवाद के बाद रिश्ता टूटा तो डॉक्टर ने उठाया खौफनाक कदम

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन ने अपने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने 18 दिन पहले कोयंबटूर निवासी अपनी प्रेमिका से शादी के लिए चर्च में आवेदन दिया था, लेकिन विवाद के बाद रिश्ता टूट गया। इसके बाद डॉक्टर ने यह कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर एल्विन बीती रात अपने स्टाफ क्वार्टर में थे। सुबह OPD में नहीं पहुंचने पर अस्पताल के स्टाफ ने उनके क्वार्टर में जाकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्टाफ ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के बाथरूम में डॉक्टर का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला। उनके हाथ पर ब्लेड से कटने के निशान भी पाए गए।

बताया गया कि केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन ने कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई की थी और करीब एक साल पहले कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ हुए थे। उनका कोयंबटूर की एक युवती के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करने वाले थे और 12 अगस्त को चर्च में विवाह के लिए आवेदन भी दिया गया था।

परिजनों के अनुसार, शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया और प्रेमिका ने रिश्ता तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम से डॉक्टर काफी परेशान थे। उन्होंने घटना से करीब तीन दिन पहले अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था। माता-पिता के कोरबा पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *