Balodabazar News: बैंक खाते में ट्रांसफर कराई 1.08 लाख की ठगी की रकम, म्यूल अकाउंट चलाने वाले दो आरोपी अरेस्ट

Chhattisgarh Balodabazar News : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ की बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की ओर से साइबर अपराध, बैंक फ्रॉड और साइबर ठगी की रकम खपाने वाले म्यूल अकाउंट होल्डर्स और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पलारी पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड की रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी में इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला राजस्थान के जयपुर निवासी कैलाशचंद सेन की साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत से सामने आया। शिकायत में उन्होंने बताया कि झांसा देकर उनके साथ 1 लाख 8 हजार 644 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम UCO बैंक की पलारी शाखा में संचालित एक खाते में ट्रांसफर की गई थी। साइबर पोर्टल से मिली शिकायत के आधार पर पलारी पुलिस ने बैंक खाते की जानकारी और स्टेटमेंट की जांच की, जिसमें खिलेंद्र वर्मा के खाते में 1 लाख 8 हजार 644 रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया।

पुलिस ने खिलेंद्र वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि रायपुर निवासी दीपेश मल्होत्रा ने उसे बैंक खाता खुलवाकर अवैध तरीके से पैसे कमाने का लालच दिया था। इसके बदले उसे कमीशन दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, बैंक खाते का संचालन, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड दीपेश मल्होत्रा के पास रहता था।

जांच में यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ी ठगी की रकम को ट्रांसफर करने और उसका लेनदेन करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैन कार्ड की कॉपी समेत अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपी की तलाश पुलिस लगातार कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *