Durg News: पारंपरिक परिधानों में सजीं महिलाएं, तीज उत्सव में दिखा लोक संस्कृति और सनातन परंपराओं का संगम

Chhattisgarh Durg News : दुर्ग। भारतीय लोक संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिसाली के दशहरा मैदान में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भव्य तीज उत्सव का आयोजन किया गया। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के नेतृत्व और दुर्ग सांसद विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा परिसर छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और तीज की उमंग से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं और सांस्कृतिक मंच पर तीज पर्व का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हरितालिका तीज केवल धार्मिक व्रत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक जुड़ाव और लोक विरासत को मजबूत करने का माध्यम भी है। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़ना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।

सांसद विजय बघेल और विधायक ललित चंद्राकर ने प्रदेश की मातृशक्ति को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन महोत्सव के बाद तीज उत्सव का आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का अवसर मिलता है।

महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं दुर्ग संभाग प्रभारी शीतल नायक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि तीज जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सनातन संस्कारों को मजबूत करने के साथ ही महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और उपस्थित महिलाओं का आभार जताया।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला प्रभारी तिलेश्वरी धुरंधर, सह-प्रभारी योगिता सिन्हा, प्रतिज्ञा गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, महामंत्री ममता राव, भारती साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, रजनी बघेल, पप्पू चंद्राकर, पद्मावती देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *