Bijapur News: डिप्टी CM के दौरे के बीच सियासी हलचल, कांग्रेस ने 50 BJP कार्यकर्ताओं के प्रवेश का किया दावा

Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के दौरे के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बुधवार को कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि विधायक विक्रम शाह मंडावी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर के समक्ष भाजपा के 50 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इस दावे के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में प्रवेश के दावे को झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी कुछ मांगों को लेकर विधायक के पास पहुंचे थे, लेकिन विधायक ने अपनी सस्ती लोकप्रियता बनाए रखने के लिए इसे राजनीतिक रंग दिया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष नाग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर भ्रामक प्रचार और राजनीतिक हथकंडों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और उसके कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं।

घासीराम नाग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे जनता को भ्रमित करने के बजाय अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस की कथित सस्ती और भ्रामक राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *