Bakawand News: पंचायत भवन में शुरू हुई निःशुल्क कोचिंग, पहली से आठवीं तक के बच्चों को मिलेगा लाभ

Chhattisgarh Bakawand News: बकावंड। विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में बच्चों की शिक्षा को बेहतर और सुलभ बनाने के उद्देश्य से सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने सराहनीय पहल की है। ग्राम पंचायत भवन में बुधवार को सरस्वती माता और भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया।

सरपंच संतोष कुमार कश्यप पिछले दो वर्षों से गांव के बच्चों को स्वयं निःशुल्क पढ़ा रहे हैं। इस पहल के तहत कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को हिंदी, गणित और सामान्य ज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों की अतिरिक्त पढ़ाई कराई जा रही है। पंचायत भवन में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना, शासकीय विद्यालय में पढ़ाई के बाद उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए भी निःशुल्क कोचिंग की यह सुविधा उपयोगी साबित हो रही है।

सरपंच की इस पहल से बच्चों के साथ-साथ पालकों और ग्रामीणों में भी हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में ही निःशुल्क अतिरिक्त शिक्षा की सुविधा मिलने से बच्चों को पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने सरपंच के प्रयास को ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *