Kawardha News: गांव में घुसकर बकरियों का शिकार, सुबह खेत में आराम करता दिखा तेंदुआ, रेस्क्यू की तैयारी

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित जैतपुरी गांव में एक तेंदुए के धान के खेत में डेरा जमाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ बीती रात गांव में घुस आया था और घूमते हुए बकरियों का शिकार किया। डर के कारण ग्रामीण रात में घरों से बाहर नहीं निकले। सुबह जब किसान खेती-किसानी के काम से खेतों की ओर पहुंचे तो एक खेत में तेंदुआ आराम करता दिखाई दिया, जिसके बाद गांव में इसकी जानकारी फैल गई।

तेंदुए के खेत में होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए मौके के आसपास जुटने लगे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही कवर्धा रेंज अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस को भी बुलाया गया, जो लोगों को तेंदुए से सुरक्षित दूरी पर रखने का प्रयास कर रही है।

वन विभाग ने तेंदुए की स्थिति का परीक्षण और सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए रायपुर से वन्यप्राणी विशेषज्ञों को बुलाया है। मौके पर वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि तेंदुए को बेहोश करने के लिए रायपुर स्थित जंगल सफारी से ट्रेंकुलाइजेशन गन मंगाई जा रही है। विभाग के अनुसार गन को मौके तक पहुंचने में करीब दो से तीन घंटे का समय लग सकता है।

जैतपुरी गांव भोरमदेव अभ्यारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है, जिसके चलते यहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही देखने को मिलती है। ग्रामीण भी इस स्थिति से परिचित हैं, लेकिन गांव के भीतर तेंदुए के पहुंचने और बकरियों के शिकार की घटना से लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के खेत में मौजूद होने के कारण किसान फिलहाल अपने खेतों में काम करने जाने से भी बच रहे हैं।

फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है। मौके पर ग्रामीणों की बड़ी संख्या जुटने के कारण पुलिस और वन विभाग के सामने भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती बनी हुई है। टीम ग्रामीणों को तेंदुए से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रही है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए को देखने के लिए खेत या उसके आसपास भीड़ न लगाएं और किसी भी स्थिति में उसके करीब जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें। विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कार्रवाई में जुटी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *