Raipur News: अशोका रतन के पास विवाद के बाद लूट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में कार से टक्कर के बाद युवक से मारपीट कर उसके गले से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। घटना मोवा स्थित अशोका रतन के गेट नंबर-1 के पास गुरुवार शाम करीब 6:40 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि कार सवार तीन युवकों ने विवाद के बाद युवक के साथ मारपीट की और उसकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पूरा मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक कैपिटल पैलेस, अवंति विहार निवासी अमन अग्रवाल कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम वह अपनी कार से अशोका रतन गेट नंबर-1 से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एटी प्लाजा ओवरब्रिज की ओर से आ रही एक कार उनकी कार से टकरा गई। टक्कर के बाद काली कार का चालक और उसमें सवार दो अन्य युवक उनकी कार के पास पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।

अमन के अनुसार, तीनों युवकों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी शर्ट भी फाड़ दी। इसी दौरान आरोपियों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन को बलपूर्वक खींच लिया और काली कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। हमले में अमन के गले में भी चोट आई है।

घटना के बाद अमन ने अपने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह परिजनों के साथ पंडरी थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है और संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।

पंडरी पुलिस ने अमन अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात कार चालक और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(2) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *