Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में थाने के सामने ‘आज जेल होई कल बेल होई’ गाने पर रील बनाना एक महिला को महंगा पड़ गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद महिला ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने मामले की पुष्टि की है।
मामला कोतवाली थाना परिसर का बताया जा रहा है। महिला की पहचान सीतामढ़ी निवासी उषा मिश्रा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उषा ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी II_uma_baby111 से 11 सितंबर की शाम एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह कोतवाली थाना परिसर में फिल्मी अंदाज में ‘आज जेल होई कल बेल होई’ गाने पर डांस करती नजर आई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद महिला के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस कार्रवाई के बाद महिला ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उसने कहा कि रील मनोरंजन के लिए बनाई गई थी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
