Raigarh News: राज्य महिला आयोग की समीक्षा बैठक, डॉ. ममता साहू बोलीं- महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने रायगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं उनके अधिकारों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद महिलाओं को हर परिस्थिति में त्वरित सहायता, विधिक संरक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

डॉ. ममता साहू ने कहा कि शासकीय योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित हो सकता है, जब मैदानी स्तर पर विभागीय अमले के बीच बेहतर समन्वय हो। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी करने और पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। महिला सशक्तिकरण एवं बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने पर भी जोर दिया गया।

समीक्षा बैठक के दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं, बाल संरक्षण व्यवस्था, विधिक सहायता, संरक्षण एवं परामर्श सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। आयोग की अध्यक्ष ने महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में पूर्ण संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में विभागीय अमले के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है, ताकि पीड़ितों को समय पर आवश्यक सहायता और संरक्षण मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत सभापति महिला एवं बाल विकास सुषमा खलको, एमआईसी महिला एवं बाल विकास त्रिवेणी डहरे, जिला परियोजना अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, महिला संरक्षण अधिकारी चैताली राय, केंद्र प्रशासक निहारिका पटनायक सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *