Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच अपने 31वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस अवसर पर राजधानी रायपुर में 13 अक्टूबर को कार्टून फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम एक निजी होटल में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री स्वयं सांकेतिक कार्टून बनाकर फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे।
कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी कार्टून फेस्टिवल के माध्यम से कार्टून कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच दिया जाएगा। आयोजन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राजनीतिक क्षेत्र की कई हस्तियां मौजूद रहेंगी।
कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच न्यूज के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी अतिथि वक्ता के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में कार्टून कला, मीडिया और समसामयिक विषयों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।
इस वर्ष जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान कार्टून कला के क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता देने के लिए दिया जाएगा। कार्टून फेस्टिवल के जरिए एक बार फिर कार्टून कला से जुड़े लोगों को अपनी रचनात्मकता और विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
