Raipur News: स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, प्रथमेश हॉस्पिटल के उद्घाटन पर बोले मुख्यमंत्री साय

CG Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित प्रथमेश हॉस्पिटल का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा संस्थानों की स्थापना से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के उपचार में सेवा, संवेदनशीलता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता होगी कम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाना मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने के साथ कई व्यावहारिक कठिनाइयां भी पैदा करता है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं छत्तीसगढ़ में ही उपलब्ध हों। रायपुर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधाएं बढ़ेंगी। इसका लाभ छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मिल सकता है।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित हो रही मेडिसिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना से प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा क्षेत्र में निवेश और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के विकास से छत्तीसगढ़ को प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

आयुष्मान भारत से जरूरतमंद परिवारों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। राज्य सरकार जिला अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने के साथ दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति के उपचार में बाधा नहीं बनना चाहिए।

स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक अस्पतालों की स्थापना से केवल चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार नहीं होता, बल्कि चिकित्सकों, नर्सों, तकनीशियनों और पैरामेडिकल कर्मियों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से युवाओं को अपने प्रदेश में ही काम करने के नए अवसर मिल सकते हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सुखी और समृद्ध जीवन का आधार है। उन्होंने प्रथमेश हॉस्पिटल की शुरुआत को प्रदेशवासियों के लिए बेहतर उपचार सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रथमेश हॉस्पिटल के शुभारंभ से लोगों को सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *