Janjgir-Champa News: बैजलपुर के खाली मकान में अवैध पटाखों का भंडारण, 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, 8.56 लाख का माल जब्त

Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैजलपुर में पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर पटाखों का अवैध भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मकान में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से करीब 176 किलोग्राम पटाखे बरामद कर विधिवत जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले को विवेचना में लेकर आगे की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का योगदान रहा।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *