Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रायपुर में राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस के सात राइडरों के दल को पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला भी मौजूद रहे। रैली में शामिल जवान विभिन्न राज्यों का दौरा कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान DGP अरुण देव गौतम ने राइडरों के उत्साह और गुजरात तक यात्रा पूरी करने के उनके संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए राइडरों को संदेशवाहक के रूप में चुना गया है। समाज के लिए यह संदेश बेहद महत्वपूर्ण है और रैली के माध्यम से इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
DGP ने कहा कि देश के कई राज्य नशीले पदार्थों की तस्करी और नशे की समस्या से जूझ रहे हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राइडरों की मेहनत से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा और समाज को इस गंभीर समस्या से लड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि रैली का आगे का सफर जबलपुर से होते हुए वर्धा और फिर गुजरात तक निर्धारित है। इस यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों से संपर्क कर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
