Korba News: मतांतरण के आरोपों पर आमने-सामने आए दो पक्ष, बजरंग दल ने कार्रवाई की मांग की; पुलिस ने शांत कराया मामला

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में एक मकान में आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद हो गया। सभा की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। संगठन ने आरोप लगाया कि हिंदू परिवारों को आर्थिक मदद का प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति शांत कराई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर ने आरोप लगाया कि पास्टर पीतांबर सिंह नाम का व्यक्ति बाहर से ओमपुर आता है और हर रविवार को गार्डिया के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करता है। राठौर के मुताबिक, सभा के माध्यम से हिंदू परिवारों को आर्थिक सहायता का प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रार्थना से बीमारियां ठीक होने की बात कहकर लोगों को प्रभावित किया जाता है और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति नकारात्मक बातें कही जाती हैं।

संगठन का दावा है कि यह गतिविधि लंबे समय से जारी है और घटना वाली रात आयोजित प्रार्थना सभा में करीब 15 हिंदू परिवार मौजूद थे। बजरंग दल ने मकान में अवैध रूप से चर्च संचालित किए जाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। बजरंग दल की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और प्रार्थना सभा से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।

बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने कथित तौर पर प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठाई है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *