Chhattisgarh Latest News: नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 सीरीज का समापन, भारत ने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेली गई तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में तीसरे मुकाबले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आनंद लिया। उन्होंने भारतीय महिला टीम को शानदार जीत पर बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आयोजित इस ऐतिहासिक सीरीज से प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन को करीब से देखने का अवसर मिला और सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों का आयोजन प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को खेलते देखकर प्रदेश की बेटियों में भी क्रिकेट सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि सीरीज के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का अनुभव प्राप्त कर सकें।

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन से प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को भी लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत होने के साथ पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलता है। राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के साथ प्रमुख खेल एवं आयोजन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *