Raipur News: माना में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम, CM साय ने नक्सलवाद के खात्मे में जवानों की भूमिका को बताया ऐतिहासिक

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर, माना में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिवस उन वीर सपूतों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा और समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए इस वर्ष का पुलिस स्मृति दिवस विशेष महत्व रखता है। दशकों तक नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहे प्रदेश ने अब शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है, जिसे प्रदेश हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *