Chhattisgarh Latest News: राष्ट्रपति के मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचने पर CM विष्णु देव साय ने जताया गर्व, बोले- पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति के मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन को बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तर अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी यहां की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति का मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करना प्रदेश के लिए सम्मान की बात है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। क्षेत्र के लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में उनकी उपासना का विशेष स्थान है। मां दंतेश्वरी से जुड़ी आस्था बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं और सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में गहराई से रची-बसी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *