Raigarh News: तमनार से पुसौर तक ग्रामीण खिलाड़ियों को मिला मंच, अदाणी फाउंडेशन ने कबड्डी और खो-खो स्पर्धा का किया आयोजन

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से ग्राम मिलूपारा स्थित आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कबड्डी और खो-खो स्पर्धा में तमनार, धरमजयगढ़, मिलूपारा, पुसौर, धौराभांठा, लिब्रा और राजपुर सहित सात स्कूल क्लस्टरों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भंसीधर चौधरी, नंदिनी मनोज राय, पेलमा साइट हेड, गारे पेल्मा-तीन साइट हेड और लॉजिस्टिक्स हेड की उपस्थिति में हुआ। विशिष्ट अतिथियों में मिलूपारा के सरपंच उद्धव भगत, उपसरपंच सीताराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा, यादलाल नायक, बबलू पटेल, अशोक पटेल और नित्यानंद सहित अदाणी समूह के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। विभिन्न स्कूलों की बालक-बालिका टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मोमेंटो और विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को भी उपहार प्रदान किए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अदाणी फाउंडेशन ने बस परिवहन की व्यवस्था की थी। वहीं, आयोजन स्थल पर संभावित चोट या आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। पेलमा के साइट हेड ने कहा कि खेल शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और ऐसे आयोजन ग्रामीण बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने खेल और शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए अदाणी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता भी जताई।

अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे के विकास के साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है। यह प्रतियोगिता ग्रामीण विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने की इसी पहल का हिस्सा रही।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *