Durg Latest News: खुर्सीपार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ कैश जब्त, दो लोग हिरासत में

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार रात पुलिस ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। यह रकम वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए सीक्रेट चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नकदी रायपुर के भनपुरी स्थित जीडी ट्रांसपोर्ट से लोड की गई थी और इसे नागपुर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रकम किसी ट्रांसपोर्टर से जुड़ी है, हालांकि अब तक इसके वास्तविक मालिक और इस्तेमाल के उद्देश्य की पुष्टि नहीं हुई है।

मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिलने के बाद वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान रायपुर से नागपुर जा रही सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन का पिछला हिस्सा बदला हुआ मिला, जिसे इस तरह बंद किया गया था कि अंदर रखी चीजें बाहर से दिखाई नहीं दे रही थीं।

पुलिस ने बारीकी से जांच की तो वाहन के पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला। उसे खोलने पर अंदर नकदी रखी हुई मिली। गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपये बरामद हुए। वाहन में भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे सवार थे। पुलिस के मुताबिक, डाभी वाहन चला रहा था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकदी कहां से लाई गई थी, किसकी है और इसे नागपुर में किसे सौंपा जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन में सीक्रेट चेंबर कब और किसने बनवाया था तथा रकम से संबंधित कोई दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं। मामले की जानकारी आयकर विभाग को पत्र के माध्यम से दी गई है। बरामद नकदी के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की आगे जांच की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *