Korba News: मासूम की हत्या से लोगों में गुस्सा, कैंडल मार्च निकालकर पीड़ित परिवार के लिए मांगा न्याय

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। जिले में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में कटघोरा नगर में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर बच्ची को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को फांसी देने की मांग की। यह मार्च जय स्तंभ चौक से शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।

कैंडल मार्च में शामिल नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने जिले में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई। उन्होंने शासन-प्रशासन से दोषी को कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की। मार्च में शामिल लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना से एक दिन पहले आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अदालत में पेश किए जाने के दौरान वकीलों द्वारा उसकी पिटाई किए जाने की बात सामने आई थी। वकीलों ने आरोपी का केस नहीं लड़ने का ऐलान भी किया था।

जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ मजदूरी करने के लिए रजगामार पहुंचा था। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद से भी खोजबीन की। करीब तीन दिन बाद गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बालको क्षेत्र निवासी आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *