Rajnandgaon Latest News: अहिंसा, करुणा और मानव सेवा के संदेश को आगे बढ़ाने की पहल, मोहन भागवत को मिला विशेष सम्मान

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत को वर्ष 2026 का ‘महाकवि आचार्य विद्यासागर अलंकरण’ प्रदान किया गया है। डोंगरगढ़ की विद्यासागरोदय विद्यायतन समाधि स्मारक समिति की ओर से दिए जाने वाले इस सम्मान के तहत भागवत को राष्ट्रव्यापी सेवाओं और राष्ट्र जागरण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समिति के विनोद बडजात्या के अनुसार, भोपाल में आयोजित समारोह में यह अलंकरण प्रदान किया गया।

इस सम्मान की शुरुआत वर्ष 2021 में आचार्य विद्यासागर महाराज के 50वें आचार्य पदारोहण वर्ष 2021-22 के अवसर पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में की गई थी। इसका उद्देश्य आचार्य विद्यासागर महाराज के विचारों और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। सम्मान के तहत चयनित व्यक्ति या संस्था को सोने-चांदी से निर्मित विशेष पदक, प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है। यह अलंकरण मानव सेवा, राष्ट्रीय सेवा, विश्व शांति, शाकाहार के प्रचार, जीवों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को दिया जाता है।

समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में पहला अलंकरण उद्योगपति अशोक पाटनी को प्रदान किया गया था। उन्हें बाढ़ प्रभावित गरीब परिवारों के लिए मकान बनवाने, विधवा महिलाओं को पेंशन देने और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहायता करने जैसे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया था। वर्ष 2022 में यह सम्मान लोकबिरादरी प्रकल्प के प्रणेता डॉ. प्रकाश आमटे को दिया गया। डॉ. प्रकाश आमटे और उनकी पत्नी डॉ. मंदाकिनी आमटे आदिवासी समुदाय की सेवा तथा वन्यजीवों की देखभाल के लिए जाने जाते हैं।

वर्ष 2023 में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए कैलाश मानव को इस अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं, वर्ष 2024 में गोवंश की रक्षा और पशु सेवा के लिए कार्य करने वाली दयोदय महासंघ, भोपाल को यह सम्मान दिया गया। समिति के अनुसार, यह संस्था मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक गौशालाओं का संचालन करती है। संस्था के माध्यम से एक लाख से अधिक निराश्रित, घायल और बीमार पशुओं को बचाने का दावा किया गया है। समिति की जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2024 का सम्मान समारोह रायपुर में आयोजित हुआ था।

समिति की विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2026 का सम्मान समारोह भोपाल में आचार्य समयसागर महाराज के आशीर्वाद, सानिध्य और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से संतों, विद्वानों और गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

डोंगरगढ़ की विद्यासागरोदय विद्यायतन समाधि स्मारक समिति शिक्षा, साहित्य, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में भी सक्रिय है। समिति इस अलंकरण के माध्यम से आचार्य विद्यासागर महाराज के अहिंसा, करुणा, संयम और ‘जियो और जीने दो’ के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *