JP Nadda Visit Durg: ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान में गरजे जेपी नड्डा, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस को घेरा

JP Nadda Visit Durg: दुर्ग: ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को दुर्ग में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। नड्डा ने कहा कि कुछ नेता चुनाव में हारने पर चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, जबकि जीत मिलने पर अपनी योग्यता का श्रेय लेते हैं।

लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को लेकर साधा निशाना

जेपी नड्डा ने कहा कि भारत में जन्म लेना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। भारत को दुनिया में ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ यानी ‘लोकतंत्र की जननी’ कहा जाता है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां 90 करोड़ से अधिक मतदाता और 140 करोड़ से ज्यादा देशवासी हैं।

उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की व्यापक सराहना होती है। इसके बावजूद कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को डराने और धमकाने का प्रयास करते हैं, ताकि अपना राजनीतिक स्वार्थ पूरा कर सकें। उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या ऐसे प्रयास सफल होने चाहिए?

राहुल गांधी पर स्कूल के छात्र का उदाहरण देकर कसा तंज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए जेपी नड्डा ने स्कूल के एक छात्र का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल में कोई बच्चा कभी-कभार पास हो जाता था तो खुद को सबसे होशियार बताने लगता था, लेकिन जब बार-बार फेल होता था तो मास्टर को खराब बताता था।

नड्डा ने इसी उदाहरण के जरिए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में कभी जीत मिल जाए तो खुद को होशियार बताते हैं, लेकिन लगातार हार मिलने पर चुनाव आयोग को खराब बताने लगते हैं।

‘देश को अराजकता से बचाने की जरूरत’

जेपी नड्डा ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। देश को इस तरह की अराजकता से बचाने की जरूरत है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए।

भाजपा कार्यकर्ताओं का किया अभिनंदन

नड्डा ने दुर्ग जिले में लोकतंत्र बचाओ एवं अराजकता हटाओ अभियान के तहत आने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए जनजागरण की आवश्यकता पर जोर दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *