Chhattisgarh Latest News: नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव की तैयारी पूरी, 2 नवंबर को सेंध लेक में पांच हेलीकॉप्टरों का एयर शो

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश में तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर में किया जाएगा। ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, मेला ग्राउंड में आयोजित इस उत्सव में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला, परंपराओं और विकास की उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। विभागीय प्रदर्शनियों, शिल्पग्राम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भारतीय वायुसेना के एयर शो को आयोजन के प्रमुख आकर्षण के रूप में शामिल किया गया है।

राज्योत्सव के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि होंगे। 2 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि 3 नवंबर को समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया जाएगा याद

छत्तीसगढ़ राज्य का गठन 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्योत्सव के दौरान उनके योगदान को याद करते हुए राज्य निर्माण से जुड़ी जनआकांक्षाओं और प्रदेश की विकास यात्रा को रेखांकित किया जाएगा। आयोजन में विकसित भारत के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ की भूमिका और संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।

विकास प्रदर्शनियों और शिल्पग्राम में दिखेगी प्रदेश की पहचान

नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें शासन की प्रमुख योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों पर आधारित प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं, शिल्पग्राम में प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय कारीगरों के हुनर को देखने का अवसर मिलेगा। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

2 नवंबर को सेंध लेक पर होगा भारतीय वायुसेना का एयर शो

राज्योत्सव का विशेष आकर्षण 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाला भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो होगा। टीम के पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर सामूहिक उड़ान भरकर आकर्षक हवाई संरचनाओं और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। मोर से प्रेरित रंग-सज्जा वाले हेलीकॉप्टरों का सटीक तालमेल दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली सारंग टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। इस प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन, उड़ान कौशल और स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा।

पलक मुच्छल और अभिजीत भट्टाचार्य देंगे प्रस्तुति

राज्योत्सव के तीनों दिन शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम 4 बजे स्थानीय कलाकार, शाम 7 बजे राज्य स्तरीय कलाकार और रात 8 बजे राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 1 नवंबर को पार्श्व गायिका पलक मुच्छल, 2 नवंबर को पार्श्व गायिका स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य प्रस्तुति देंगे। छत्तीसगढ़ के लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राष्ट्रीय कलाकारों के कार्यक्रम भी उत्सव का हिस्सा होंगे।

सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को होंगे आयोजन

राज्य स्तरीय आयोजन के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव मनाया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, प्रतिभाओं, शासकीय योजनाओं और जिलों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस तरह नवा रायपुर से लेकर सभी जिला मुख्यालयों तक राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *