Chhattisgarh Latest News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय राज्योत्सव में कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी को छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और विकास से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस नेता केवल अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने में व्यस्त हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीवास ने कहा कि 1 नवंबर का दिन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक गर्व, गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से बने छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जाता है। ऐसे अवसर पर सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश की जनता के साथ खड़ा होना चाहिए और विकास एवं जनकल्याण के संकल्प को दोहराना चाहिए। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं ने राज्योत्सव से दूरी बनाकर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है।
श्रीवास ने कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता द्वारा नकारे जाने के बाद पार्टी अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता खो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पहचान और स्वाभिमान से कोई लेना-देना नहीं रह गया है। उनकी निष्ठा छत्तीसगढ़ महतारी और यहां की जनता के बजाय दिल्ली में बैठे अपने नेताओं को खुश करने तक सीमित है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को सहेजते हुए विकास के नए प्रयास कर रही है। ऐसे समय में कांग्रेस का रवैया उसकी नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रदेश को लूट और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया था।
श्रीवास ने कहा कि राज्योत्सव जैसे गरिमामयी आयोजन से दूरी बनाकर कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता और स्वाभिमान के प्रति अपना रवैया जाहिर किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस आचरण को देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
दुर्ग से अंचल वर्मा की रिपोर्ट
