Janjgir-Champa Latest News: नवागढ़ में कांग्रेस की सत्ता वापसी का दावा, भूपेश बघेल बोले- सरकार बनते ही देंगे SDM कार्यालय

Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोसला और खरौद के साथ ही जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के नवागढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। नवागढ़ में शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे भूपेश बघेल ने प्रदेश में दो साल बाद कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में वापसी होते ही नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय की सौगात दी जाएगी।

नवागढ़ में शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भूपेश बघेल करीब तीन घंटे की देरी से पहुंचे। उनके स्वागत के लिए राछाभांठा में कांग्रेस के दो गुट इंतजार करते रहे। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्वागत के बाद वापस लौट गए, जबकि विधायक ब्यास कश्यप ने कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए भूपेश बघेल को प्रतिमा अनावरण स्थल तक पहुंचाया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ब्यास कश्यप ने दो साल बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प जताया। उन्होंने नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग भी रखी। इस पर भूपेश बघेल ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर नवागढ़ को स्थायी अनुविभागीय कार्यालय की सौगात दी जाएगी।

भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार के करीब तीन साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार को किसान, युवा और छत्तीसगढ़िया विरोधी बताते हुए विभिन्न मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में किसानों, युवाओं और आम लोगों के हितों की अनदेखी की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि SIR के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने और जनता के वोट देने के अधिकार को छीनने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होने का आरोप लगाया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *