Kanker Latest News: पुलिस को चकमा देकर गांजा फेंक हुआ था फरार, साइबर टीम की मदद से हरियाणा से पकड़ा गया आरोपी

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 2 करोड़ 23 लाख रुपये के गांजा जब्ती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंगारभाट पहाड़ी के पास गांजा फेंककर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय सुखपाल उर्फ सुक्खा, निवासी स्वामी नगर, थाना हुड्डा सिटी, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई हरियाणा पासिंग फॉर्च्यूनर गाड़ी भी जब्त की है। वाहन से 5 से 6 अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह कांकेर पुलिस को शहर से लगे सिंगारभाट पहाड़ी के नीचे भारी मात्रा में गांजा के पैकेट मिले थे। पुलिस ने मौके से करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपये कीमत का गांजा जब्त किया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा लेकर हरियाणा जा रहा था। पुलिस को फॉर्च्यूनर वाहन से गांजा तस्करी किए जाने की सूचना पहले ही मिल गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 4 से 5 स्थानों पर चेकपोस्ट लगाए थे।

हालांकि, पुलिस की घेराबंदी और पीछा किए जाने का अंदेशा होने पर आरोपी गांजा के पैकेट कचरे के ढेर में फेंककर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

आरोपी की तलाश के लिए कांकेर पुलिस ने साइबर टीम की मदद ली। तकनीकी जांच और पतासाजी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी भी जब्त की है। वाहन में मिली 5 से 6 अलग-अलग नंबर प्लेट को लेकर पुलिस का मानना है कि आरोपी इनका इस्तेमाल पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए करता था।

फिलहाल इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब गांजा तस्करी के पीछे सक्रिय अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *