Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। नक्सलमुक्त होने के बाद बस्तर के कई गांवों में इस बार पहली बार दीपावली का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में कई बड़े बदलाव आए हैं। अब ग्रामीणों के बीच उत्साह और उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि अब वहां न तो हत्या का डर है और न ही जन अदालत का खौफ। पहले शिक्षा दूतों की हत्या जैसी घटनाओं का भय बना रहता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने नक्सलमुक्त बस्तर के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
नक्सलवाद पूरी तरह खत्म नहीं होने के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए और यह देखना चाहिए कि उनकी सरकारों ने नक्सलवाद के खिलाफ क्या कदम उठाए थे। उन्होंने झीरम कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पहले उन्हें इन मुद्दों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें वोट चोरी जैसा कोई मामला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मृतकों और दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। साथ ही मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी तरह की गड़बड़ी है तो उसे सुधारने के लिए ही SIR की प्रक्रिया अपनाई जाती है। नाम जुड़वाने की प्रक्रिया भी जारी रहती है। उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती पर विजय शर्मा ने कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा का उचित मंच है। जब भी सदन में चर्चा होती है, तब विपक्ष को अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता कई बार महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचते हैं। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव से होकर गुजरता है, सड़कों से नहीं।
भाजपा के पोस्टर को लेकर उठे सवालों पर भी विजय शर्मा ने राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने राजीव गांधी फाउंडेशन को मिलने वाली कथित विदेशी फंडिंग और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं से मुलाकातों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों में जाकर भारत को बदनाम करने से बचना चाहिए।
SIR पर राहुल गांधी के एटम बम वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा कि किसी को भी इस बयान से घबराने की जरूरत नहीं है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी है तो उसे ठीक करने के लिए ही यह प्रक्रिया है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी 10 बार SIR हो चुका है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर BLO से बातचीत की गई है और मतदाता सूची में नामों की स्थिति स्पष्ट की जा रही है। कहीं त्रुटि मिलने पर उसे सुधारने का प्रावधान भी है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर विजय शर्मा ने तंज कसा। उन्होंने प्रियंका गांधी के पूर्व दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं, अब कांग्रेस नेता अलग-अलग तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को गंभीरता से राजनीति करने और अपनी पार्टी के हित में काम करने की नसीहत दी।
