Jashpur Latest News: सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाशते-तलाशते बना हत्यारा, 5 साल के बच्चे को बनाया निशाना

Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर कम समय में अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। इसी खौफनाक मंशा के तहत उसने मासूम को अपने झांसे में लिया, शराब पिलाई और फिर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर बाल्टी में रख दिए और शव को खेत में पानी से भरे गड्ढे में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने के लिए सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था। परिजनों के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर के पास पहुंचा था। वह रामजीत राम और एक अन्य परिचित को अपने साथ शराब पीने के लिए ले गया। बाद में तीनों अलग-अलग हो गए। जब रामजीत अपनी झोपड़ी लौटा तो उनका बेटा जितेंद्र वहां नहीं मिला।

बच्चे की तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ एक खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। 7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा तलाश करते हुए सन्ना गांव के एक खेत में पहुंचे। वहां मक्का की बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ मासूम का शव मिला। शव मिट्टी से हल्का दबा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने जांच शुरू की और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और एक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से वह संतुष्ट नहीं था और अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि 5 नवंबर को वह रामजीत राम के बेटे जितेंद्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय बाद जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा। आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर गया, जहां से उसने शराब और मुर्गा खरीदा। वापस आकर उसने मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के अनुसार, जब बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दी थीं। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया। आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और शरीर से निकाले गए अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखकर बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू की निशानदेही पर मृतक बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त कर ली है। बच्चे के शव का पंचनामा तैयार कर डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) में मामला दर्ज किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविंद्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *