Raipur Latest News: गुढ़ियारी में दीपावली की रात बड़ी चोरी का खुलासा, पुलिस ने एक घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद किए जेवर

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। दीपावली की रात गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के नया मंगल बाजार में चोरी की वारदात सामने आई। माता लक्ष्मी की पूजा के लिए पूजा घर का दरवाजा खुला छोड़ना एक परिवार को भारी पड़ गया। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और पूजा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, परिवार के एक सदस्य की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात का एक घंटे के भीतर खुलासा हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात परिवार के सदस्य माता लक्ष्मी की पूजा कर रहे थे। इसी दौरान पूजा घर का दरवाजा खुला हुआ था। चोरों ने मौके का फायदा उठाया और चुपचाप घर के भीतर प्रवेश कर गए। उन्होंने पूजा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेट ली। इसी बीच परिवार के एक पुरुष सदस्य की नींद खुल गई। उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी का सामान लेकर घर से बाहर निकलते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

शिकायत मिलते ही नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप और थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के साथ कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर महज एक घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2.97 लाख रुपये बताई गई है। दीपावली की रात हुई इस चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा पुलिस की सतर्कता और कार्रवाई से संभव हो सका।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *