अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के रुख के बीच मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. शुक्रवार रात करीब 8:40 बजे सोना जहां 4,000 रुपये से ज्यादा टूट गया, वहीं चांदी में करीब 15,000 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई. ऐसे में बाजार की नजर अब अगले कारोबारी सत्र पर टिकी है.
सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट
5 अगस्त 2026 की एक्सपायरी वाला सोना एमसीएक्स पर 2.55 फीसदी की बड़ी कमजोरी के साथ 1,55,471.00 रुपये पर कारोबार कर रहा है. आज के कारोबार में इसमें 4,076.00 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी कटौती देखी गई है.
चांदी बाजार में आया बड़ा क्रैश
सोने से भी ज्यादा तेज गिरावट चांदी में देखने को मिली है. 3 जुलाई 2026 की वायदा चांदी आज बाजार में पूरी तरह दबाव में नजर आई. चांदी की कीमतें 5.62 फीसदी यानी 14,891 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2,49,905 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गईं.
सर्राफा बाजार सोना 400 रुपये सस्ता हुआ
दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 400 रुपये घटकर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. स्थानीय बाज़ार के जानकारों के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत गुरुवार के 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 400 रुपये घटकर 1,59,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. लगातार तीसरे सत्र में गिरावट जारी रखते हुए, चांदी की कीमत 5,000 रुपये घटकर 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. पिछले सत्र में चांदी 2,65,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
इंटरनेशनल मार्केट्स में भी गिरावट
इंटरनेशनल मार्केट्स में, स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 4,470.79 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 1 फीसदी से ज्यादा टूटकर 72.89 डॉलर प्रति औंस रह गई.
