Raipur News: नरोत्तम मिश्रा के टिकट पर सियासत तेज, भूपेश बोले- वरिष्ठ नेताओं का हो रहा अपमान

Raipur News: मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में भाजपा द्वारा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं को लगातार किनारे करने की राजनीति कर रही है।

रायपुर लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा बड़े नेताओं के साथ “यूज एंड थ्रो” की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा जैसे वरिष्ठ और फायरब्रांड नेता के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, उससे साफ है कि भाजपा अब अपने अनुभवी नेताओं को महत्व नहीं दे रही है।

पंजाब दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने वहां नई टीम का गठन किया है और 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी कर रही है।

कवर्धा के वायरल वीडियो पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वीडियो सरकार की कार्यशैली को उजागर करता है और मंच से फरियादियों की अनदेखी करना गलत है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि भाजपा अब अपने कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर भी खरी नहीं उतर रही है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *