Chhattisgarh News: मासूम को बनाया रंजिश का शिकार: घर से बुलाकर की हत्या, रापा से गड्ढा खोदकर छिपाया शव

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 13 वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 40 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते बच्चे को पैसों का लालच देकर घर से बुलाया, गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया।

पुलिस के मुताबिक, परसदाखुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने अपने 13 वर्षीय बेटे कपिल कुमार केंवट की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान संदेह के आधार पर गांव के ही 22 वर्षीय हेमंत कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात महीने पहले हुए एक विवाद के लिए वह कपिल को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने 8 जुलाई की रात लोहे की चोरी कर पैसे कमाने का झांसा देकर मासूम को अपने साथ ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया, जबकि मृतक के कपड़े दूसरी जगह फेंक दिए।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी, फॉरेंसिक टीम और चिकित्सकीय दल की मौजूदगी में शव बरामद किया। हत्या में इस्तेमाल किया गया रापा और आरोपी के कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं।

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *