Raipur News: 700 असिस्टेंट प्रोफेसर और 5 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग तेज, युवाओं ने उठाई आवाज

Raipur News: छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे बेरोजगार अभ्यर्थियों ने राजधानी रायपुर में लंबित सरकारी भर्तियों को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। युवाओं ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि असिस्टेंट प्रोफेसर के करीब 700 पदों पर भर्ती के लिए एक वर्ष पहले ही वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि उच्च शिक्षा विभाग में तीन हजार से अधिक पद रिक्त हैं। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग में पांच हजार शिक्षक पदों के लिए भी स्वीकृति जारी होने के बावजूद अब तक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। युवाओं का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में करीब 75 हजार पद खाली पड़े हैं।

बेरोजगार अभ्यर्थियों ने बताया कि वे लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से उनकी आयु सीमा प्रभावित हो रही है और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि वे अब तक छह बार विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और संबंधित मंत्रियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

युवाओं ने सरकार से मांग की है कि सभी लंबित भर्तियों के विज्ञापन जल्द जारी किए जाएं और पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *