Kanker News: कांकेर में दर्दनाक लापरवाही! जेसीबी से मिट्टी भरते समय दबा मजदूर, गांव में फूटा गुस्सा

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। 30 वर्षीय रामदेव आंचला काम करते समय मिट्टी में दब गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। चार दिन बाद उसी स्थान की दोबारा खुदाई के दौरान उनका शव गड्ढे के भीतर बैठी हुई अवस्था में बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम हिंगनझर में 28 जुलाई को घरेलू जल कनेक्शन देने का कार्य चल रहा था। रामदेव आंचला पाइपलाइन के लिए खोदी गई नाली में उतरकर कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से गड्ढा भर रहे जेसीबी चालक ने अनजाने में उसी स्थान पर भी मिट्टी डाल दी, जहां मजदूर काम कर रहा था। अन्य मजदूर 20 से 40 मीटर दूर होने के कारण किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। दोपहर में रामदेव के नहीं मिलने पर साथियों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

31 जुलाई को पुलिस, ग्रामीणों और सरपंच की मौजूदगी में संदिग्ध स्थान पर दोबारा खुदाई कराई गई। करीब 10 मीटर नीचे से रामदेव का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। चालक का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि गड्ढे के भीतर कोई मजदूर काम कर रहा है।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *