Korba News : ग्रामीणों के शोर से सहमा भालू खुले कुएं में गिरा, वन विभाग ने रातभर चलाया बचाव अभियान

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत केंदई वन परिक्षेत्र के ग्राम छिंदिया में भोजन की तलाश में गांव पहुंचे एक भालू का करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बचाव किया गया। कटहल खाने पेड़ पर चढ़ा भालू ग्रामीणों के शोर से घबराकर भागने लगा और करीब 20 फीट गहरे खुले सूखे कुएं में गिर गया।

घटना बुधवार सुबह की है। पूर्व सरपंच बारेलाल सिंह की बाड़ी में लगे कटहल के पेड़ पर भालू को फल खाते देख ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। घबराया भालू तेजी से भागा, लेकिन बिना मुंडेर वाले कुएं को नहीं देख पाया और उसमें जा गिरा। बाहर निकलने की कई कोशिशों के बावजूद वह सफल नहीं हो सका।

सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर किया। शुरुआती प्रयास में वन विभाग ने कुएं के भीतर बांस की मजबूत सीढ़ी उतारी, लेकिन भालू उससे बाहर नहीं निकल पाया।

इसके बाद वन विभाग ने रणनीति बदलते हुए जेसीबी मशीन की मदद से कुएं के एक किनारे ढलाननुमा रास्ता तैयार किया। शाम ढलने के बाद भालू धीरे-धीरे उसी रास्ते से बाहर निकला और सुरक्षित जंगल की ओर लौट गया।

वन विभाग ने सफल रेस्क्यू के बाद लोगों से अपील की है कि यदि गांव में कोई वन्यजीव दिखाई दे तो शोर मचाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें। साथ ही बिना मुंडेर वाले खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या घेरा बनाने की भी सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *