Raipur News : केंद्रीय जेल में नई व्यवस्था लागू, अब दैनिक उपयोग का सामान केवल कैंटीन से मिलेगा

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों तक गांजा, नशीली गोलियां और तंबाकू पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों का खुलासा हुआ है। पिछले महीने मुलाकात के दौरान कुछ लोगों ने प्याज, साबुन की टिकिया और सीलबंद बिस्किट पैकेट के भीतर प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल में पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि जेल प्रशासन की सघन जांच के चलते सभी प्रयास विफल रहे और प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

जेल प्रशासन के अनुसार कुछ लोग बिस्किट के सीलबंद पैकेट खोलकर उनमें नशीली गोलियां और तंबाकू रख देते थे, फिर पैकेट को इस तरह दोबारा सील किया जाता था कि वह फैक्ट्री पैक जैसा दिखाई दे। वहीं प्याज को भीतर से खोखला कर उसमें गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियां छिपाई जाती थीं। साबुन की टिकिया के अंदर भी नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल पहुंचाने की कोशिश की गई।

लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। अब बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुएं केवल जेल कैंटीन से ही उपलब्ध कराई जाएंगी। यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी रूप से लागू की गई है, ताकि बाहरी सामान के जरिए प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य स्वीकृत वस्तुएं पहले की तरह नियमानुसार परिजन उपलब्ध करा सकेंगे। वहीं कैंटीन में मिलने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण होगी और उसकी कीमत सामान्य बाजार से कम रखी जाएगी, ताकि बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *