Raipur News : दिल्ली दौरे से लौटे सीएम साय, कुलगाम हमले पर जताया दुख; पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्वारा बस्तर पंडुम के विजेताओं का सम्मान किया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नक्सल मुक्त बस्तर, विद्युतीकरण, आयुर्वेद एम्स की स्थापना और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री ने महानदी जल विवाद पर ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ हुई बैठक का भी उल्लेख किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए अगले तीन महीने में जल बंटवारे को लेकर सकारात्मक निर्णय हो सकता है। इसके अलावा कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन, बस्तर में नई रेल परियोजनाओं, मोबाइल टावरों के विस्तार, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े प्रस्तावों पर भी केंद्र सरकार से चर्चा होने की जानकारी दी।

आतंकी हमले पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया को लेकर मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर मुद्दे में भाजपा और आरएसएस की साजिश दिखाई देती है। साथ ही जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के पलायन संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं और नई औद्योगिक नीति के जरिए युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित किए जा रहे हैं।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *